सुशासन तिहार' में कांग्रेस का भारी हंगामा, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की

# 06 Jun, 2026

*'सुशासन तिहार' में कांग्रेस का भारी हंगामा, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की* ​

: ​*आयोजन:* नगर निगम द्वारा सिरगिट्टी में आयोजित 'सुशासन शिविर' में जमकर हुआ बवाल। ​*विरोध:* ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा-सिरगिट्टी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंच पर चढ़कर किया प्रदर्शन। ​*तनाव:* भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आए; विधायक धरमलाल कौशिक का भी घेराव करने की कोशिश।

​बिलासपुर। नगर निगम प्रशासन द्वारा सिरगिट्टी में आयोजित 'सुशासन तिहार' कार्यक्रम के दौरान शनिवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा-सिरगिट्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। "सुशासन" के दावों को खोखला बताते हुए कांग्रेसियों ने न केवल शिविर का पुरजोर विरोध किया, बल्कि मंच पर चढ़कर नारेबाजी भी शुरू कर दी। इस दौरान माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। ​भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विवाद, पुलिस से तीखी झड़प ​शिविर में जब स्थानीय लोग अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दे रहे थे, तभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू एवं सिरगिट्टी मंडल अध्यक्ष अजय मनहरे के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता वहां पहुंचे। कांग्रेसियों द्वारा मंच पर चढ़कर विरोध जताने से वहां मौजूद स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता नाराज हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। ​माहौल बिगड़ता देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों को शिविर स्थल से बाहर निकालने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई।

​"भाजपा सरकार सुशासन शिविर के नाम पर जनता को मूर्ख बनाना बंद करे। जो सरकार बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है, उसे सुशासन के नाम पर ढोंग रचने और सरकारी पैसे का दुरुपयोग करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।" — लक्ष्मीनाथ साहू, अध्यक्ष (ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, तिफरा)

​*विधायक धरमलाल कौशिक के पहुंचते ही बढ़ा आक्रोश* ​पुलिस जब प्रदर्शनकारियों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी, इसी बीच क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक भी शिविर स्थल पर पहुंच गए। विधायक को देखते ही कांग्रेसी और आक्रोशित हो गए और उन्हें घेरकर मूलभूत सुविधाओं को लेकर सवाल करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कांग्रेसियों को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ और तेज नारेबाजी शुरू कर दी। ​प्रदर्शन में ये रहे मुख्य रूप से शामिल: ​इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, सिरगिट्टी मंडल कांग्रेस अध्यक्ष अजय मनहरे के साथ पार्षद पुष्पेंद्र साहू, पवन साहू, महेश ठाकुर, सुनील पांडेय, नागेश ध्रुव, बंटी सोनी, अरुण नथानी, गोविंद यादव, रामू राव, संजीव पाल, सचिन भवानी, अक्षय नवरंग, वेद रात्रे, अरविंद ओझा, रवींद्र डाहरे, गोविंद मानिकपुरी, लक्ष्मण ध्रुव, विनोद साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Banner