3 वर्ष की बालिका के सिर में फंसी स्टील की गगरी, सिम्स में सुरक्षित निकाली गई

# 24 Mar, 2026

खेल-खेल में बड़ा हादसा टला: 3 वर्ष की बालिका के सिर में फंसी स्टील की गगरी, सिम्स में सुरक्षित निकाली गई

बिलासपुर। एक मासूम बच्ची के साथ खेलते-खेलते हुआ हादसा उस समय गंभीर रूप ले सकता था, जब 3 वर्ष की एक बालिका के सिर में स्टील की गगरी (पात्र) बुरी तरह फंस गई। घटना असीम चिकित्सालय क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां बच्ची खेलते हुए गगरी को अपने सिर पर डाल बैठी, लेकिन वह इस तरह फंस गई कि उसका चेहरा और गर्दन भी उसमें जकड़ गए। परिजन जब गगरी को निकालने में असफल रहे और बच्ची की स्थिति बिगड़ने लगी, तो वे घबराकर उसे तत्काल सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) बिलासपुर लेकर पहुंचे। यहां आपातकालीन (इमरजेंसी) विभाग में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सावधानीपूर्वक कार्यवाही शुरू की। इस दौरान डॉ. बी. डी.तिवारी के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने विशेष उपकरणों की सहायता से स्टील की गगरी को काटकर बच्ची के सिर से सुरक्षित बाहर निकाला। पूरी प्रक्रिया अत्यंत सतर्कता और कुशलता के साथ की गई, ताकि बच्ची को किसी प्रकार की गंभीर चोट न पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, परिजनों द्वारा पहले घर पर गगरी निकालने के प्रयास में बच्ची के सिर और गर्दन में हल्की चोटें आई थीं। हालांकि, समय रहते अस्पताल पहुंचने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। बच्ची को आवश्यक दवाएं देकर उपचार किया गया और उसकी स्थिति अब पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

इस घटना के बाद चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को खेलते समय ऐसी वस्तुओं से दूर रखें, जो उनके लिए खतरनाक साबित हो सकती हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में घर पर प्रयास करने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है। यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि सतर्कता और समय पर चिकित्सा सहायता से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।

Banner