कोटा स्थित सी वी रमन के हॉस्टल से एक छात्र लापता

# 12 Mar, 2026

कोटा स्थित Dr. C. V. Raman University के हॉस्टल से एक छात्र लापता हो गया है। छात्र बी-फार्मा का छात्र है। छात्र के लापता होने से यूनिवर्सिटी प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। छात्र के परिजन गुरुवार को SSP ऑफिस पहुंचे और प्रबंधन की शिकायत की और गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए है। गया (बिहार) के महाबीर नगर डेल्हा निवासी अमरेन्द्र कुमार ने SSP को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र रोहित कुमार कोटा (बिलासपुर) स्थित Dr. C. V. Raman University में बी-फार्मा सेमेस्टर-3 की पढ़ाई कर रहा था और विश्वविद्यालय के छात्रावास में रह रहा था। यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से उन्हें जानकारी दी गई कि रोहित कुमार 06 मार्च 2026 से विश्वविद्यालय परिसर से लापता है। परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन 12 मार्च 2026 तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस संबंध में परिजनों ने 07 मार्च 2026 को थाना कोटा, जिला बिलासपुर में लिखित सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद छात्र का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

छात्र के परिजन का दावा है कि छात्रावास में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं है। परिसर के कई हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं और बाउंड्री वॉल की स्थिति भी जर्जर है। परिजन का आरोप है कि जब बेटे की तलाश में विश्वविद्यालय पहुंचे तो पता चला है कि उनके साथ मारपीट की गई है। रोहित कुमार छात्रावास में कुछ सहपाठियों के साथ रहता था और उनके साथ कई बार वाद-विवाद की स्थिति भी बनती रहती थी। शिकायत में जिन छात्रों का उल्लेख किया गया है उनमें हितेश पाण्डेय, सोहेल अली, पंकज कुमार, रश्मि बर्मा, ज्योति गुप्ता और अफाहिम लहरी के नाम बताए गए हैं। परिवार का कहना है कि इन छात्रों के साथ अक्सर विवाद की स्थिति बनने के कारण उन्हें संदेह है कि इस पूरे घटनाक्रम में इनकी भूमिका संदिग्ध हो सकती है। परिजनों के मुताबिक संबंधित व्हाट्सएप चैटिंग और कॉल डिटेल्स पुलिस को उपलब्ध करा दिए गए हैं। परिजनों के अनुसार रोहित कुमार ने लापता होने से पहले अपने मोबाइल फोन से अपनी मां को एक संदेश भेजा था। जिसमें में छात्र ने हॉस्टल में रहने पर अपनी जान का खतरा बताया था।

परिजनों का आरोप: कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर गायब छात्र के परिजन ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई आरोप लगाए। उनका कहना है कि जिस छात्रावास में सैकड़ों छात्र रहते हैं, लेकिन वहां निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।परिसर के कई प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे है, विश्वविद्यालय की बाउंड्री वॉल जर्जर है। यदि छात्रावास और यूनिवर्सिटी परिसर में पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था होती तो छात्र के अचानक गायब होने की घटना को रोका जा सकता था या उसकी जानकारी जल्दी सामने आ सकती थी।

Banner