घर बैठे पता करें आधार नंबर का कब और कहां इस्तेमाल हुआ, गलत इस्तेमाल पर ऐसे करें शिकायत

# 16 Oct, 2021

आधार कार्ड अब एक जरूरी दस्तावेज बन गया है। आज हर सरकारी योजना का लाभ लेने से लेकर स्कूल में एडमिशन लेने जैसे कामों में आधार नंबर मांगा जाता है। आधार कार्ड में आपके नाम, पता, फोन नंबर से लेकर फिंगरप्रिंट तक की जानकारियां छिपी होती हैं। अगर आपको भी ऐसा ही कोई डर सता रहा तो आप खुद भी सुनिश्चित कर सकते हैं कि कहीं आधार नंबर का गलत इस्तेमाल तो नहीं हो रहा।

दरअसल, आधार को मैनेज करने वाली यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) यह सुविधा देती है, जिससे आप पता लगा सकते हैं कि आधार नंबर का कब और कहां इस्तेमाल हुआ है। यह काम आप घर बैठे आसानी से कर सकते हैं। ये हैं इसकी प्रोसेस...

1. सबसे पहले आधार की वेबसाइट या इस लिंक uidai.gov.in/ पर जाना होगा।

2. यहां Aadhaar Services के नीचे की तरफ Aadhaar Authentication History का ऑप्शन मिलेगा, इस पर क्लिक करें।

3. यहां आपको आधार नंबर और दिखाई दे रहे सिक्योरिटी कोड को डालकर Send OTP पर क्लिक करना होगा।

4. इसके बाद आधार से लिंक रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर वैरिफिकेशन के लिए एक OTP आएगा, यह OTP डालकर Submit पर क्लिक करें।

5. इसका बाद आपको ऑथेंटिकेशन टाइप और डेट रेंज और OTP समेत मांगी गई सभी जानकारियां भरनी होगी। (नोट- आप 6 महीने तक का डेटा देख सकते हैं।)

6. Verify OTP पर क्लिक करते ही आपके सामने लिस्ट आ जाएगी, जिसमें पिछले 6 महीनों में आधार का इस्तेमाल कब और कहां हुआ इसकी जानकारी होगी।

गलत इस्तेमाल पर ऐसे करें शिकायत

रिकॉर्ड देखने पर यदि आपको लगता है कि आधार कार्ड का गलत इस्तेमला किया गया है तो आप तुरंत इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आप टोल फ्री नंबर 1947 पर कॉल या help@uidai.gov.in पर ईमेल करके शिकायत दर्ज कर सकते हैं या फिर uidai.gov.in/file-complaint लिंक पर ऑनलाइन शिकायत भी कर सकते हैं।

Banner